तिल की कटाई करने गए दम्पत्ति की पुत्री लापता, मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के धमना गाँव में 19 वर्षीय एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों के चलते अपने प्रेमी के साथ लापता हो गई है। युवती के पिता ने दो युवकों पर पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के धमना गांव के निवासी रामकिशन ने राठ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह और उसकी पत्नी खेत में तिल की कटाई करके जैसे ही घर पहुंचे तो देखा कि घर की अलमारी खुली पड़ी थी। अलमारी में रखे जेवरात और 10 हजार रुपये गायब थे। साथ ही उसकी 19 वर्षीय पुत्री भी घर पर नहीं थी। उसने सभी संभावित स्थानों एवं रिश्तेदारियों में पुत्री की खोजबीन करने का प्रयास किया लेकिन उसकी पुत्री का कहीं पर भी पता नहीं चल सका। जानकारी हुई कि जालौन जनपद के दीपू और नीरज नाम के दो युवक उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा कर ले गये हैं। बेटी जेवर भी ले गई है।
लापता युवती के पिता ने पुत्री के साथ किसी अनहोनी घटना की आशंका जताते हुए राठ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर पुत्री की बरामदगी और कार्रवाई की मांग की है। मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप कुमार ने शुक्रवार को शाम बताया कि दो युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है।------------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

