अनूपपुर: प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, दोनों की मौत, 6 दिन से थे लापता
अनूपपुर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के मामले में प्रेमी-युगल ने जहर खा कर मौत को गले लगा लिया। रविवार को इलाज के दौरान दोनों ने अलग-अलग अस्पतालों में दम तोड़ दिया।
युवती की मौत अनूपपुर जिला चिकित्सालय में एवं युवक ने जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ा। घटना के बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों के बयान दर्ज कर शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस के अनुसार युवक की हालत काफी गंभीर थी, इसलिए जहर खाने से जुड़ी पूरी जानकारी उसके बयान में दर्ज नहीं हो सकी।
शौच के लिए घर से निकली, फिर नहीं लौटी
जैतहरी थाना प्रभारी अमर वर्मा के अनुसार, मृतक 18 वर्षीय माधुरी चौधरी निवासी अमगवां 3 मार्च की शाम को शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू कर दी। माधुरी का कोई पता नहीं चलने पर उसके परिजनों ने 5 मार्च को जैतहरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन माधुरी की जुड़वां बहन सीता को पता चला कि माधुरी शंकर उर्फ अभय राठौर नाम के एक युवक से फोन पर बात करती थी। युवक भी उसी दिन से लापता था। इसके बाद जब माधुरी के परिजन युवक के घर पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि शंकर उर्फ अभय राठौर भी 3 मार्च से ही लापता है।
6 मार्च को माधुरी चौधरी ने अपनी बड़ी बहन सीता को फोन किया। उसने बहन से कहा कि वह 2000 रुपए और आधार कार्ड लेकर अनूपपुर पहुंच जाए। सीता परिजन के साथ अनूपपुर पहुंची, लेकिन वहां माधुरी या उसके साथ किसी का भी पता नहीं चल सका। शनिवार रात परिजन को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि उनकी बेटी ने जहर खा लिया है और उसकी हालत गंभीर है। जानकारी मिलने पर पता चला कि माधुरी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अनूपपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जब परिजन रात में अनूपपुर जिला चिकित्सालय पहुंचे, तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां 20 वर्षीय शंकर उर्फ अभय राठौर पिता जीवन राठौर, निवासी उमरिया जहर खाए गंभीर हालत में भर्ती मिला। युवक की हालत काफी गंभीर थी। बाद में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, संभावना है कि युवक और युवती 3 मार्च को जैतहरी से बाहर चले गए थे। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों शनिवार दोपहर नर्मदा ट्रेन से वापस लौटे थे। गांव पहुंचने से पहले रास्ते में ही दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था।
परिजन के अनुसार, माधुरी की मां का मायका उमरिया गांव के पास स्थित सिवनी गांव में है। माधुरी की माध्यमिक स्तर तक की पढ़ाई भी वहीं हुई थी। करीब छह महीने पहले उसके दादा का निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने गांव अमगवां में आकर रहने लगी थी। परिजन ने बताया कि माधुरी के पिता की मौत वर्ष 2017 में ही हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों मौतों के मामले में परिजन के बयान दर्ज कर लिए हैं और पूरे घटनाक्रम की आगे जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

