home page

शादी के महज आधे घंटे बाद प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, युवक की मौत, प्रेमिका की हालत नाज़ुक

 | 
शादी के महज आधे घंटे बाद प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, युवक की मौत, प्रेमिका की हालत नाज़ुक


भागलपुर, 16 मई (हि.स.)। जिले के कहलगांव में मंदिर में शादी करने के महज आधे घंटे बाद प्रेमी-प्रेमिका ने एक साथ जहर खा लिया। इस घटना में प्रेमी की मौत हो गई, जबकि प्रेमिका जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। उसका इलाज भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

मृतक पहचान कहलगांव अमडंडा थाना क्षेत्र निवासी सुभाष कुमार सिंह के पुत्र रजनीकांत के रूप में हुई है। वहीं युवती अमृता बांका जिले के जगरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कई दिनों से प्रेम संबंध चल रहा था। रजनीकांत पढ़ाई के सिलसिले में कहलगांव में किराए के कमरे में रहता था और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

दोनों ने परिवार की जानकारी के बिना एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया। शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे दोनों ने कहलगांव के एक मंदिर में शादी रचाई। शादी के बाद दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं, लेकिन शादी के महज आधे घंटे बाद यानी करीब 3:30 बजे दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के बाद दोनों की हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान रजनीकांत की मौत हो गई, जबकि अमृता की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

डॉक्टरों की टीम उसे बचाने की कोशिश में जुटी है। इस घटना के बाद दोनों परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के पिता सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि वह बाहर रहते हैं और उन्हें इस प्रेम संबंध या शादी की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि फोन के जरिए घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आखिर दोनों ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि दोनों ने किसी डर या मानसिक दबाव में यह कदम उठाया होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रेम प्रसंग, पारिवारिक दबाव और आत्मघाती कदम के पीछे की वजहों को लेकर कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। कहलगांव की इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, जहां शादी की खुशियां कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर