फैसले के बहाने दंपति से मारपीट, सात पर केस दर्ज
मुरादाबाद, 22 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना नागफनी क्षेत्र में फैसले के बहाने दंपति को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने महिला के बेटे से हुए विवाद में फैसला करने की बात कहकर बुलाया था। मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर रविवार को थाना पुलिस ने तीन नामजद और चार अज्ञात आरोपितों पर केस दर्ज किया है।
थाना नागफनी के बंगला गांव चौकी क्षेत्र के शिव विहार कालोनी निवासी पारुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके बेटे हिमांशु उर्फ प्रिंस के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले की जांच सिविल लाइंस पुलिस कर रही है। पारुल के अनुसार 18 नवंबर को रात 10 बजे बंगला गांव के ही सोनू टेलर ने कॉल करके फैसले के लिए बुलाया।
कहा कि तुम्हारे बेटे से मारपीट करने वाले लड़कों को होली का मैदान पर बुला लिया है। यह लोग माफी मांगकर फैसला करना चाहते हैं। पीड़िता के अनुसार उसकी कॉल पर वह अपने पति अतुल के साथ होली के मैदान पर पहुंच गई। वहां आरोपी सोनू टेलर, बाबू उर्फ शूटर और अंश ने अपने 3-4 साथियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके पति अतुल को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि बाबू उर्फ शूटर ने अतुल के चेहरे पर हाथ में पहने लोहे के कड़े से वार किया जिससे उनकी नाक में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर गए। चीखपुकार मचने पर लोग एकत्रित हुए तो आरोपित धमकी देते हुए भाग गए।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कोतवाली कुलदीप गुप्ता ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तीन नामजद और चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

