नकली सोने की ईंट दिखाकर 5 लाख ठगे, झाबुआ से पकड़ा दंपति को
उज्जैन, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में जीरो पाइंट ब्रिज के नीचे भोजनालय संचालित करने वाली महिला के साथ लाखों रुपए की ठगी करने वाले दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने भोजनालय संचालित करने वाली महिला को सोने की ईंट देने का झांसा देकर 5 लाख रुपए ले लिए थे। महिला ने जब सोने की ईंट को ज्वेलर्स के यहां जाकर चेक करवाया तो मामले को खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई पूरी रकम भी जब्त की है।
माधवनगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने बुधवार को बताया कि हाथपुरा निवासी जसोदा पति राजकुमार जीनवाल जीरो पाइंट ब्रिज के नीचे हर्षित भोजनालय का संचालन करती है। महिला ने माधवनगर थाने में अपने साथ 5 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। लाखों की ठगी की शिकायत के 24 घंटे भीतर पुलिस ने कालू भाबोर 50 वर्ष और उसकी पत्नी साबर बाई 45 वर्ष निवासी ग्राम आमलिया फलिया जिला झाबुआ को गिरफ्तार कर 5 लाख रुपए बरामद कर लिए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने जसोदा बाई को कम कीमत पर सोने की र्इंट देने का झांसा दिया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कालू और उसकी पत्नी साबर बाई मजदूरी के लिए उज्जैन आए थे। दोनों चामुंडा माता चौराह के समीप ठहरे हुए थे। दिन भर मजदूरी करने के बाद दोनों जसोदा बाई के भोजनालय पर भोजन करते थे। यहीं पर आरोपियों की पहचान जसोदा बाई से हुई। जिसका फायदा उठाकर कालू और उसकी पत्नी साबरबाई ने जसोदा बाई को ठगने की योजना बनाई।
खुदाई मेें मिली सोने की ईंटआरोपियों ने जसोदाबाई को झांसे में लेकर बताया कि उन्हे खुदाई के दौरान सोने की ईंट मिली है। जसोदाबाई को जब उनकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ तो उन्होने सोने का एक टुकड़ा लाकर दे दिया। जसोदाबाई ने जब वह चेक करवाया तो वह असली निकला। इसके बाद आरोपियों ने सोने की 50 लाख रुपए कीमत की सोने की ईंट मात्र 5 लाख रुपए में देने का झांसा दिया। जसोदाबाई ने अपनी पूरी जमापुंजी 5 लाख रुपए देकर सोने की ईंट खरीद ली।
चेक करवाया तो उड़ गए होशजसोदाबाई जब सोने की ईंट लेकर ज्वेलर्स के पास पहुंची तो पता चला की सोने की ईंट नकली है। यह सुनते ही उसके होश उड़ गए। जसोदाबाई ने कालू भाबोर को फोन लगाकर बताया तो उन्होने पहचानने से इंकार कर दिया। वहीं कुछ दिनों बाद अपना फोन भी बंद कर लिया। लाखों रुपए की ठगी की शिकार होने के बाद जसोदाबाई की शिकायत पर माधवनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
झाबुआ से किया गिरफ्तारइस संबंध में चर्चा करने पर माधवनगर सर्कल सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर झाबुआ में दबिश देकर आरोपी कालू भाबोर और उसकी पत्नी साबरबाई को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 5 लाख रुपए भी बरामद किए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

