बाटा कंपनी के नाम से नकली फुटवियर बेचने वाला गिरफ्तार
जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। जामडोली थाना पुलिस ने बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण और नकली ब्रांडेड उत्पादों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाटा कंपनी के नाम से नकली जूते-चप्पल बनाकर ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर बेचने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जामडोली स्थित गोदाम पर दबिश देकर 659 जोड़ी नकली फुटवियर जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जामडोली थाना पुलिस ने बाटा कंपनी के नाम से नकली जूते-चप्पल बनाकर ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर बेचने वाले मुकेश कुमार शर्मा (35) निवासी तुंगा जिला जयपुर एवं जामडोली को गिरफ्तार किया है।
जामडोली थानाधिकारी रतन सिंह कविया ने बताया कि बाटा इंडिया लिमिटेड कोलकाता के अधिकृत प्रतिनिधि ललित कुमार ने जामडोली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि विजयपुरा रोड क्षेत्र में बाटा ब्रांड के नाम से नकली फुटवियर तैयार कर बाजार और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचे जा रहे है। वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने अहिंसा नगर विजयपुरा रोड स्थित मकान संख्या सी-18 पर संचालित 'जीनल एंटरप्राइजेज' के गोदाम पर दबिश दी। तलाशी के दौरान गोदाम से बाटा कंपनी के नाम से तैयार 659 जोड़ी नकली जूते-चप्पल बरामद हुए। संचालक वैध बिल, वाउचर अथवा कंपनी की अधिकृत अनुमति से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

