home page

मुरैनाः पार्षद ने सीएमओ की कमीज में डाली चूडिय़ां, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

 | 
मुरैनाः पार्षद ने सीएमओ की कमीज में डाली चूडिय़ां, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल


अम्बाह, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अम्बाह में निकाय के आक्रोशित पार्षदों द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी की कमीज में चूडिय़ां डाल दीं। इसके साथ ही करोड़ों रूपये की टाइल्स लगाने व मंगाने का आरोप भी पार्षद द्वारा नगरीय अधिकारियों पर लगाया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर गुरूवार दोपहर बाद तेजी से वायरल हुआ है। इसे लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी पुलिस को शिकायत करने की बात कह रहे हैं।

यह वीडियो शहर में चर्चाओं के अनुसार गुरूवार देर सुबह का बताया जा रहा है, हालांकि हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।

जन चर्चाओं के अनुसार नगरीय निकाय के वार्ड क्रमांक 6 से निर्दलीय पार्षद विक्रम सिंह तोमर हाथ में चूडय़िां लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे थे।

उन्होंने सीएमओ शारिब कौसर को आवेदन देते हुए चूडिय़ां देने का प्रयास किया। जब सीएमओ ने चूडिय़ां लेने से इनकार कर दिया, तब पार्षद तोमर ने सीएमओ की शर्ट के भीतर डाल दिया।

बताया जा रहा है कि पार्षद अपने वार्ड के रेतपुरा पार्क में नगर पालिका की ओर से कचरा डाले जाने पर रोक लगाने से नाराज थे। इसकी शिकायत लेकर सीएमओ कार्यालय में दो दिवस पहले पहुंचे थे। लेकिन मुख्य नगर पालिका अधिकारी शारिब कौसर अवकाश पर होने के कारण कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। इसलिये पार्षद और मुख्य नगरपालिका अधिकारी की मुलाकात नहीं हो पाई। इससे पार्षद की नाराजगी और बढ़ गई थी। इसी मुद्दे को लेकर पार्षद आज नगरपालिका कार्यालय में पहुंचे थे। वायरल वीडियो में पार्षद ने बिना टैंडर टाइल लगाने के आरोप लगाए हैं। पार्षद विक्रम सिंह तोमर ने आरोप लगाए कि नगर पालिका अंबाह में बिना टैंडर की 2.5 करोड़ की टाइल नगर में लगाई गई है जो बिना टैंडर ही लगवा दी है। वहीं 2.5 करोड़ रुपए की और टाइल लगने के लिए नगर में पहुंच चुकी है। टाइल लगाने में बड़ा भ्रष्टाचार किया गया है।

नगरपालिका परिषद अम्बाह के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, शारिब कौसर का कहना है कि बेटी का स्वास्थ खराब पर होने के कारण वह अवकाश पर थे। आज पार्षद ने उनके साथ अभद्रता की है। इसकी शिकायत पुलिस से की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा