home page

पूर्णिया में पार्षद पुत्र शुभम कुशवाहा पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मामा समेत घायल

 | 
पूर्णिया में पार्षद पुत्र शुभम कुशवाहा पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मामा समेत घायल


पूर्णिया, 24 जुलाई (हि.स.)।

पूर्णिया के नेवालाल चौक के समीप नगर निगम के वार्ड संख्या-24 की पार्षद राखी देवी और जदयू नेता अमरेंद्र कुशवाहा के इकलौते पुत्र शुभम कुशवाहा पर नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में शुभम कुशवाहा और उनके मामा सागर कुशवाहा घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शुभम अपने मामा सागर कुशवाहा के साथ नेवालाल चौक से आगे स्थित एक चाय की दुकान पर रुके थे। वहां शुभम के कुछ दोस्त पहले से मौजूद थे। कुछ देर रुकने के बाद शुभम जैसे ही अपनी टाटा पंच कार में बैठकर आगे बढ़ने लगे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

फायरिंग से बचने के लिए शुभम ने कार के अंदर छिपने का प्रयास किया, जबकि उनके मामा सागर कुशवाहा उन्हें बचाने लगे। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने शुभम को कार से बाहर खींचने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में तीन गोलियां शुभम और तीन गोलियां उनके मामा सागर कुशवाहा को लगने की बात सामने आई है। अपराधियों ने शुभम की कार में भी तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शुभम के परिजनों को सूचना दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी में पड़ोसी सन्नी सरदार और सन्नी मंडल के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि घटना से करीब तीन दिन पहले गाड़ी के घर की दीवार से सटने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान शुभम ने सन्नी सरदार पर कथित रूप से स्मैक की तस्करी से जुड़े आरोप लगाए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था। हालांकि, गोलीबारी में किसकी भूमिका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गोलीबारी में घायल शुभम कुशवाहा का भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में कुछ आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। हालांकि, वर्तमान में वह विवाहित है और छोटे स्तर पर ठेकेदारी का काम करता है। पुलिस शुभम के पुराने विवादों और आपराधिक पृष्ठभूमि को भी ध्यान में रखते हुए घटना के कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस ने संदेह के आधार पर सन्नी सरदार के घर के लोगों सहित कुछ अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की है। खबर लिखे जाने तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तफ्तीश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह