home page

दो ट्रकों से 29,100 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, तीन गिरफ्तार

 | 

मालदा, 02 मार्च (हि.स.)। जिले की गाजोल थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो ट्रकों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, यह गाजोल थाना के इतिहास में एक ही अभियान में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दोनों ट्रकों को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इब्राहिम शेख (31), हसीबुल शेख (34) और सूर्यकांत कर्मकार (26) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हावड़ा के एक गोदाम से यह कफ सिरप लेकर बिहार जा रहे थे। उनकी योजना डालखोला और पूर्णिया मोड़ के रास्ते बिहार में प्रवेश करने की थी। सोमवार को आरोपितों को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने इस तस्करी गिरोह की जड़ तक पहुंचने और हावड़ा के संबंधित गोदाम का पता लगाने के लिए दस दिन की पुलिस हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा के पास घात लगाकर बैठी थी। दो संदिग्ध ट्रकों को रोककर जब चालक और खलासियों से पूछताछ की गई तो उनके बयान में विरोधाभास पाया गया। इसके बाद थाना प्रभारी कौशिक बनर्जी और बीडीओ बिप्लब कुमार विश्वास (मजिस्ट्रेट के रूप में) की मौजूदगी में ट्रकों की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रकों के अंदर पेटियों में रखी कुल 29,100 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। इनमें से एक ट्रक से 14,250 बोतल और दूसरे से 14,850 बोतलें मिली।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले गाजोल क्षेत्र से अधिकतम 21 हजार बोतल कफ सिरप बरामद हुआ था। ऐसे में 29,100 बोतलों की यह बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार