home page

30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

 | 
30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज


विदिशा, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरूवार को लोकायुक्त पुलिस ने एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त भोपाल संभाग के मार्गदर्शन में की गई।

लोकायुक्त के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रमेन्द्र धाकड़ ने 6 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पारिवारिक भूमि के बंटवारा, नामांतरण और फौती (उत्तराधिकार) संबंधी प्रकरण में कार्रवाई करने के बदले संबंधित पटवारी संदीप यादव 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई।

बुधवार 9 जुलाई को लोकायुक्त भोपाल की टीम ने तहसील कार्यालय के पीछे स्थित आरोपी पटवारी संदीप यादव के निजी कार्यालय में दबिश दी और उसे शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले, दल प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सिंह चौहान, निरीक्षक रजनी तिवारी, मुकेश पटेल, प्रसनजीत राव, चैतन्य प्रताप सिंह, मनोज कुमार मांझी, यशवंत पटेल, सतेंद्र बहादुर सिंह, रवि शर्मा और हिम्मत सिंह सहित लोकायुक्त की टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश मीना