बकाया भुगतान के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत लेते सहकारी भंडार का महाप्रबंधक गिरफ्तार
जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सहकारी समितियां विभाग के निरीक्षक मस्तराम मीणा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपित पर परिवादी की फर्म द्वारा दवाइयों की सप्लाई के बकाया भुगतान में से 9.19 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी झालावाड़ में 12 नवंबर को परिवादी ने शिकायत दी थी। इसमें बताया गया कि उसकी फर्म गुरुकृपा मेडिकोज, झालरापाटन ने झालावाड़ सहकारी उपभोक्ता भंडार में दवाइयों की सप्लाई की थी, जिसके करीब 15.32 लाख रुपए बकाया थे। इस बकाया भुगतान में से 9.19 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर करने के बदले महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे निरीक्षक मस्तराम मीणा रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायत के बाद एसीबी ने 12 नवंबर को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपित द्वारा बकाया भुगतान की राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगना प्रमाणित हुआ। बातचीत में आरोपित ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर करने के साथ शेष 4.19 लाख रुपये का चेक एक-दो दिन में जारी करने का आश्वासन दिया। आरोपित ने परिवादी से 25 हजार रुपए अगले दिन देने और शेष रिश्वत राशि चेक पास होने के बाद देने पर सहमति जताई। सत्यापन के दौरान आरोपित ने 5 लाख रुपए के चेक पर हस्ताक्षर कर संबंधित बैंक के नाम पत्र सहित परिवादी को सौंप दिया था।
एसीबी के अनुसार 13 नवंबर को परिवादी ने 15 हजार रुपए की व्यवस्था की, जिसके बाद ब्यूरो ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए परिवादी से 15 हजार रुपए की रिश्वत राशि प्राप्त करते हुए गिरफ्तार किया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

