यमुनानगर:पार्क की झील में मिला व्यक्ति का शव, पर्यटन विभाग में कुक के रूप में कार्यरत था मृतक
यमुनानगर, 10 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर स्थित ओपी जिंदल पार्क की झील से मंगलवार को एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान यमुनानगर निवासी 57 वर्षीय श्याम लाल के रूप में हुई है, जो पर्यटन विभाग में कुक के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार श्याम लाल सोमवार शाम अपनी ड्यूटी से घर लौटने के बाद रोजाना की तरह टहलने के लिए ओपी जिंदल पार्क गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार के सदस्य पूरी रात विभिन्न स्थानों पर उनकी तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह परिजन उन्हें खोजते हुए ओपी जिंदल पार्क पहुंचे। वहां झील के किनारे श्याम लाल के जूते पड़े मिले। जूते मिलने के बाद परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल गोताखोरों तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने झील में तलाश अभियान चलाया और कुछ समय बाद पानी से श्याम लाल का शव बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने झील के पानी का नमूना भी जांच के लिए लिया है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार श्याम लाल दो बच्चों के पिता थे और लंबे समय से पर्यटन विभाग में कार्यरत थे। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

