home page

रायपुर : घर में खाना बनाने वाला रसोईया ही निकला लाखों के जेवर और नकदी का चोर, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : घर में खाना बनाने वाला रसोईया ही निकला लाखों के जेवर और नकदी का चोर, दो आरोपित गिरफ्तार


रायपुर : घर में खाना बनाने वाला रसोईया ही निकला लाखों के जेवर और नकदी का चोर, दो आरोपित गिरफ्तार


पुलिस ने 3.15 लाख रुपये के आभूषण किए जब्त, कुछ जेवर मणप्पुरम गोल्ड लोन में रखे गिरवी

रायपुर, 18 नवंबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने घर में खाना बनाने वाले रसोईये सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपित रसोईया घर की अलमारी से मौका पाकर धीरे-धीरे जेवर और नकदी चोरी करता था। चोरी के आभूषणों को वह कुशालपुर निवासी एक ज्वेलर्स के पास बेच देता था।

पुलिस के मुताबिक, भावना नगर निवासी पदमेश दुबे ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि पिछले दो-तीन महीनों से उनके घर की अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और नकदी रकम गायब हो रही थी। चोरी की घटनाओं पर संदेह होने के बाद परिवार ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। 15 नवंबर 2026 को परिवार के सदस्यों की अनुपस्थिति में घर में खाना बनाने वाला कुक बबलू मिश्रा अलमारी के लॉकर से जेवर और नकदी चोरी करते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया। आरोपित करीब 15 लाख रुपये कीमत के आभूषण, सिक्के और नकदी चोरी कर चुका था।

शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 464/26 के तहत धारा 306 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर बबलू मिश्रा को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि, चोरी के कुछ आभूषण उसने कुशालपुर पुरानी बस्ती निवासी संतोष सोनी को बेचे हैं, जबकि कुछ जेवर मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे हैं। इसके बाद पुलिस ने संतोष सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।

3.15 लाख के जेवर जब्त, गोल्ड लोन में गिरवी आभूषणों की जांच

पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से करीब 3 लाख 15 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। वहीं, मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे गए चोरी के आभूषणों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में संतोष सोनी के खिलाफ चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में धारा 317(2) तथा अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। प्रकरण में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपितों में बबलू मिश्रा (47 वर्ष), निवासी ग्राम सिरसा, (मध्यप्रदेश)। वर्तमान पता खम्हारडीह, रायपुर, संतोष सोनी (51 वर्ष), निवासी कुशालपुर रायपुर है।

उक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर