home page

कूचबिहार में डॉक्टर के घर चोरी का मामला, सिलीगुड़ी से एक गिरफ्तार

 | 
कूचबिहार में डॉक्टर के घर चोरी का मामला, सिलीगुड़ी से एक गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 24 अगस्त (हि. स.)। कूचबिहार में एक डॉक्टर के घर से सोने के आभूषण चोरी होने के मामले की जांच करते हुए कूचबिहार थाने की पुलिस ने सिलीगुड़ी के आशिघर इलाके से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुमन मंडल के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि वह चोरी का सोना खरीदने और उसे बेचने के कारोबार से जुड़ा था।

पुलिस के अनुसार, सुमन मंडल आशिघर के नरेश मोड़ इलाके की एक ज्वेलरी दुकान से जुड़ा हुआ है। बताया गया है कि वह दुकान के संचालक मुक्ता मंडल का बेटा है।

हाल ही में कूचबिहार में एक डॉक्टर के घर से सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। घटना के बाद डॉक्टर की ओर से कूचबिहार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में सबसे पहले कूचबिहार से दो लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और आगे की जांच के दौरान चोरी का सोना कहां बेचा गया और किन लोगों तक पहुंचा, इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी जांच के दौरान सिलीगुड़ी के नरेश मोड़ इलाके की एक ज्वेलरी दुकान का नाम सामने आया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में जानकारी मिली कि दुकान से जुड़े सुमन मंडल की कथित तौर पर चोरी का सोना खरीदने और उसे बेचने में भूमिका थी। इसके बाद सोमवार को आशिघर पुलिस चौकी की मदद से कूचबिहार थाने को पुलिस ने इलाके में अभियान चलाकर सुमन मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित सुमन मंडल को मंगलवार को कूचबिहार अदालत में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार