home page

कूचबिहार में देर रात पांच राउंड फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

 | 
कूचबिहार में देर रात पांच राउंड फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस


कूचबिहार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शहर से सटे बिनपट्टी शारदा नगर इलाके में मंगलवार देर रात पांच राउंड गोली चलने से दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने अचानक लगातार गोलियों की आवाज सुनी, जिसके बाद घबराकर वे अपने घरों से बाहर निकल आए।

हालांकि, मौके पर किसी को नहीं देखकर घटना को लेकर रहस्य और गहरा गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुंडीबाड़ी थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से कई कारतूस के खोखे बरामद किए।

हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रिहायशी इलाके में रात के समय हुई इस घटना से स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी किसने और किस उद्देश्य से की है। जांच के तहत पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार