दोहरे हत्याकांड से पुंडिबाड़ी इलाके में सनसनी
कूचबिहार, 1 अप्रैल (हि.स.)। दोहरे हत्याकांड से जिले के पुंडिबाड़ी इलाके में सनसनी फैल गई। पुंडिबाड़ी थाना क्षेत्र के बोकालिर मठ के पास रेल लाइन के किनारे यह घटना घटी है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतकों में एक का नाम सुकुमार भुइयां है, जो उसी इलाके का निवासी था। दूसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि किसी अज्ञात कारण मंगलवार रात अचानक एक युवक ने सुकुमार पर हमला कर दिया और धारदार हथियार से उसका गला काट दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
इस नृशंस घटना को देखकर स्थानीय लोग गुस्से में आ गए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुंडिबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना के बाद से बोकालिर मठ इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा है या अचानक हुए विवाद का, इसकी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

