महिला की हत्या में दोषी अशोक दास को आजीवन सश्रम कारावास
दरभंगा, 18 नवंबर (हि.स.)। भूमि विवाद में महिला की हत्या के मामले में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार की अदालत ने दोषी अशोक दास को आजीवन सश्रम कारावास एवं कुल 51 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। दोषी कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा टोला पौनद निवासी महेंद्र दास का पुत्र है।
लोक अभियोजक अमरेंद्र नारायण झा ने बताया कि बुधवार को अदालत ने सजा के बिंदु पर अभियोजन एवं बचाव पक्ष की दलीलें सुनने तथा अभिलेख पर उपलब्ध साक्ष्यों के अवलोकन के बाद फैसला सुनाया। भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन सश्रम कारावास एवं 50 हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 448 के तहत एक वर्ष कारावास एवं एक हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया है। अर्थदंड नहीं चुकाने पर क्रमशः दो वर्ष और एक माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
एपीपी रेणु झा ने बताया कि 3 अप्रैल 2022 को भूमि विवाद को लेकर अशोक दास ने गांव के हलखोरी दास की पत्नी सुकमारी देवी पर फरसा से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। बाद में इलाज के दौरान पटना स्थित पीएमसीएच में उनकी मौत हो गई। मृतका के पुत्र सुरेश दास ने 1 मई 2022 को कमतौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इस मामले में कमतौल थाना कांड संख्या 98/22 के तहत सत्रवाद संख्या 456/22 की सुनवाई पूरी करते हुए अदालत ने 5 नवंबर को ही अशोक दास को दोषी करार देकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। बुधवार को अदालत ने
सजा सुनाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

