जबलपुर के सेंट अलॉयसियस स्कूल में धर्मांतरण के आरोपों पर हंगामा
जबलपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के के जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित रिमझा के सेंट अलॉयसियस स्कूल में मंगलवार को कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत कराया।
प्रदर्शनकारी संगठनों का आरोप है कि स्कूल में कार्यरत कुछ हिंदू कर्मचारियों पर चर्च आने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने वाले कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जाता है और नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।
संगठनों के अनुसार, स्कूल की एक महिला कर्मचारी ने शिकायत की है कि फादर सोमी जैकब ने उस पर बार-बार चर्च आने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। आरोप है कि विरोध करने पर महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, मारपीट की गई और बाद में उसे नौकरी से हटा दिया गया।
स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत राजेश कुमार ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह पिछले 12 वर्षों से स्कूल में कार्यरत हैं, लेकिन बीते तीन महीनों से उन पर प्रतिदिन चर्च जाकर प्रार्थना करने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें रविवार तथा अन्य सरकारी अवकाश के दिनों में भी काम करने के लिए बुलाया जाता था।
हिंदू संगठनों का दावा है कि स्कूल के कुछ कर्मचारियों की शिकायत मिलने के बाद करीब 100 कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया, लेकिन माढ़ोताल थाना पुलिस ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और स्थिति सामान्य कराई।
प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा संस्थान की आड़ में धर्मांतरण कराने के प्रयास का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी एकत्र की जा रही है। प्राप्त शिकायतों और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

