जहांगीर पर महिला के गंभीर आरोप, धर्म परिवर्तन और गौमांस खाने के लिए दबाव बनाने का मामला दर्ज
जबलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शारीरिक संबंध बनाने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि युवक ने पहले खुद को हिंदू बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं, लेकिन बाद में अपनी वास्तविक पहचान जाहिर करते हुए उस पर इस्लाम कबूलने और गौमांस खाने का दबाव बनाने लगा। मामले की शिकायत महिला ने हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं के साथ गोहलपुर थाने पहुंचकर की है।
महिला के मुताबिक, कुछ समय पहले उसकी मुलाकात जहांगीर नामक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया और इसी आधार पर उससे दोस्ती बढ़ाई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का कहना है कि बाद में युवक की वास्तविक पहचान सामने आने पर उसका व्यवहार बदल गया। वह उस पर हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम अपनाने के लिए दबाव बनाने लगा। इतना ही नहीं, गौमांस खाने के लिए भी मजबूर करने का आरोप लगाया गया है। महिला के अनुसार, इनकार करने पर युवक उसे प्रताड़ित करने लगा।
इसके बाद महिला ने मंगलवार को हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के अनुसार, महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक ने कथित तौर पर अपनी पहचान किस तरह छिपाई थी। मामले में मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

