home page

आठ हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले डाक निरीक्षक को 7 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजा

 | 
आठ हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले डाक निरीक्षक को 7 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजा


दमोह, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) जबलपुर ने दमोह में कार्रवाई करते हुए प्रधान डाकघर के उप मंडलीय डाक निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित अधिकारी ने शिकायतकर्ता को ड्यूटी पर दोबारा ज्वाइनिंग कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी के दमोह स्थित कार्यालय और सागर स्थित आवास पर भी तलाशी ली। बाद में उसे मंगलवार को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सात दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सीबीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता हितेश ने इस संबंध में सीबीआई की एसीबी जबलपुर शाखा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दमोह प्रधान डाकघर में पदस्थ उप मंडलीय डाक निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल ने उसे ड्यूटी पर दोबारा ज्वाइनिंग कराने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत देने की मांग की थी। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम आठ हजार रुपये तय हुई थी।

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही विनय शंकर अग्रवाल ने शिकायतकर्ता से आठ हजार रुपये की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की रकम आरोपी के कार्यालय की टेबल की दराज से बरामद की गई।

कार्रवाई के बाद सीबीआई की टीमों ने आरोपित अधिकारी से जुड़े अन्य ठिकानों की भी तलाशी ली। दमोह स्थित डाकघर कार्यालय के अलावा सागर स्थित उसके आवास पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे सात दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा