home page

जबलपुर : दो शातिर झपटमार-वाहन चोर गिरफ्तार, आठ लाख का माल बरामद

 | 
जबलपुर : दो शातिर झपटमार-वाहन चोर गिरफ्तार, आठ लाख का माल बरामद


जबलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हनुमानताल थाना पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी की वारदातों में शामिल दो शातिर आरोपितों को गुरुवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब आठ लाख रुपये कीमत का माल बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपितों से झपटा गया एक आईफोन, पांच मोबाइल फोन, चोरी के दो ई-रिक्शा, एक एक्सिस वाहन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संपत्ति संबंधी अपराधों में पूर्व में पकड़े गए और जेल से रिहा आरोपितों की निगरानी व पूछताछ की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल की टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि समीर उर्फ कंजा और अविनाश चौधरी मदार टेकरी कब्रिस्तान स्थित बजूखाना के पास चोरी के मोबाइल लेकर खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में समीर के पास एक आईफोन, वीवो और जियोनी के मोबाइल मिले, जबकि अविनाश के पास रेडमी, सैमसंग और वीवो कंपनी के तीन मोबाइल मिले।

पूछताछ में दोनों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से घूमकर मोबाइल झपटने की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपितों ने घमापुर क्षेत्र से आईफोन और कृषि उपज मंडी क्षेत्र से तीन मोबाइल झपटना बताया। इसके अलावा घोड़ानक्कास के पास से पिछले वर्ष एक्सिस वाहन चोरी करना भी स्वीकार किया।

थाने में सघन पूछताछ के दौरान आरोपितों ने ग्वारीघाट और विजय नगर क्षेत्र से दो ई-रिक्शा चोरी करने की बात भी कबूल की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक्सिस और दोनों ई-रिक्शा बरामद किए। जब्त वाहनों में एक्सिस बिना नंबर की है, जबकि ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 20 जेडएस 2657 और एमपी 20 जेडयू 2115 हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एमपी 20 जेडएस 2736 भी जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपित समीर उर्फ कंजा, निवासी दरगाह के पास टेढ़ी नीम, बाबा टोला, हनुमानताल और अविनाश चौधरी, निवासी फकीर चंद अखाड़ा के पास, विंध्यवासिनी मंदिर के सामने, सिंधी कैंप, हनुमानताल को संबंधित मामलों में गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ हनुमानताल, घमापुर, ग्वारीघाट और विजय नगर थानों में प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। शेष मोबाइलों के संबंध में पुलिस पूछताछ और पतासाजी कर रही है।

पुलिस के अनुसार समीर उर्फ कंजा आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और चोरी सहित 14 अपराध पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली और विनीत श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक