जबलपुर में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 68.42 लाख का 136 किलो गांजा जब्त; घमापुर में महिला गिरफ्तार
जबलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। भेड़ाघाट पुलिस ने एक लावारिस हालत में खड़ी बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो से 136 किलो 84 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, घमापुर पुलिस ने गांजे के अवैध कारोबार में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 7 ग्राम गांजा जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज तथा संबंधित नगर पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के मुताबिक, 17 नवंबर को पुलिस को चौकीताल नहर के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम चौकीताल-लम्हेटा मोड़ के पास नहर किनारे पहुंची तो कच्चे रास्ते पर काले रंग की एक स्कॉर्पियो खड़ी मिली। वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी। जांच के दौरान स्कॉर्पियो की पिछली सीट की खिड़की का कांच टूटा मिला, जबकि पीछे की बाईं तरफ का टायर भी फटा हुआ था।
पुलिस ने वाहन की डिक्की की तलाशी ली तो खाकी रंग के टेप से लिपटे 12 पैकेट मिले। इनमें गांजा भरा हुआ था। तौल कराने पर कुल 136 किलो 84 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 68 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई। वाहन के अंदर एक नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर यूपी 57 सीसी 7869 अंकित था।
पुलिस ने गांजा और स्कॉर्पियो जब्त कर अज्ञात चालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब वाहन और गांजे के स्रोत के साथ तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
इधर, घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदमारी तलैया टेस्टिंग रोड पहाड़ के पास एक महिला गांजा बेचने के लिए रखे हुए है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल दबिश दी। मौके पर संदिग्ध महिला पुलिस को देखकर भागने लगी, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीता कुचबंधिया, निवासी लालमाटी चांदमारी टेस्टिंग रोड, घमापुर बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर घर के अंदर कमरे में रखी अलमारी से नारंगी और सफेद रंग के थैले में रखी पुड़ियों में गांजा मिला। तौल करने पर कुल 1 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

