home page

बागपत में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते संविदाकर्मी गिरफ्तार

 | 
बागपत में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते संविदाकर्मी गिरफ्तार


बागपत, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रटौल नगर नगर पंचायत के संविदाकर्मी (ड्राइवर) को मेरठ की एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली खेकड़ा में लाया गया।

कोतवाल प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि मेरठ क्राइम ब्रांच की टीम ने संविदा कर्मी निशू त्यागी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

उसके खिलाफ गौरक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्की लंबरदार (निवासी ग्राम भागोट) ने एक लाख रुपये की रिश्वत की शिकायत मेरठ एंटीकरप्शन से की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया था कि कुर्रेबंदी के एक मुकदमे में फैसला पक्ष में कराने के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं।

इस पूरे मामले में एंटी करप्शन टीम ने योजना के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल पाउडर लगे नोट दिए गए। जैसे ही रटौल नगर नगर पंचायत के संविदाकर्मी (ड्राइवर) ने शिकायत कर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान नोटों पर लगा पाउडर भी बरामद हुआ, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। पूरे मामले को लेकर कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है, जबकि मेरठ एंटी करप्शन टीम कानूनी कारवाई में जुटी है। कोतवाल का कहना है एंटी करप्शन टीम आरोपित ​के खिलाफ फर्द तैयार कर रही है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी