उज्जैनः रेलवे ट्रैक पर मिला कॉन्ट्रेक्टर का शव, आधार कार्ड से हुई पहचान
उज्जैन, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में अलकापुरी निवासी कॉन्ट्रैक्टर का शव मंगलवार सुबह मक्सी रोड स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला। मौके से मिले आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
पंवासा थाना पुलिस ने बताया कि राजकुमार (46) पुत्र पुरालाल चौहान मंगलवार सुबह रोजाना की तरह सुबह की सैर पर टहलने के लिए घर से निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वे वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसी दौरान पुलिस को मक्सी रोड रेलवे ट्रैक पर एक शव मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल से बरामद आधार कार्ड के जरिए मृतक की पहचान होने पर पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
किसी तनाव की जानकारी नहींराजकुमार चौहान कॉन्ट्रेक्टर थे, उनके करीबी मित्र विजय कुमावत ने बताया कि वर्ष 2016 से दोनों व्यवसायिक साझेदार रहे थे। बाद में दोनों ने अलग-अलग काम करना शुरू कर दिया, लेकिन आपसी संबंध हमेशा अच्छे बने रहे। विजय के मुताबिक उन्होंने कभी भी राजकुमार को किसी मानसिक तनाव या गंभीर परेशानी में नहीं देखा।
परिवार में पत्नी और दो बेटेपरिजनों ने बताया कि राजकुमार चौहान तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई मध्य प्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) में कार्यरत हैं, जबकि छोटे भाई पेशे से अधिवक्ता हैं। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा करीब 21 वर्ष का है और नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा पढ़ाई कर रहा है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिसपुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है, दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

