home page

(संशोधित) महिला चौकीदार नन्ही की हत्या में फरार मुख्य सुपारी किलर शिवा उर्फ बिट्टू मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
(संशोधित) महिला चौकीदार नन्ही की हत्या में फरार मुख्य सुपारी किलर शिवा उर्फ बिट्टू मुठभेड़ में गिरफ्तार


मुरादाबाद, 02 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में बीते दिनों बुजुर्ग महिला चौकीदार नन्ही की गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य सुपारी किलर शिवा उर्फ बिट्टू को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपित को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में चार आरोपित मोहम्मद सानिब सैफी, इमरान शानिब और इरफान पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके है। मामले में फरार सुपारी लेने वाले मुख्य आरोपित बिट्टू की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बीती 24 फरवरी सोमवार की शाम मझोला थाने के पास एक प्लॉट में कुंदरकी के ऊंचाकाली निवासी महिला नन्ही की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महिला करीब 15 साल से इस प्लॉट में चौकीदारी करती थी। नन्ही के बेटे महबूब ने भगतपुर के उदावाला रोशनपुर निवासी मोहम्मद शानिब सैफी को मौके पर ही दबोच लिया था। उससे पूछताछ के बाद पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आगे बढ़ी और भोजपुर के मोहल्ला नावपुर निवासी शानिब, इमरान को भी दबोच लिया था। तीनों से पूछताछ की तो पता चला कि हत्या की सुपारी भोजपुर निवासी बिट्टू उर्फ शिवा ने इरफान से ली थी। 24 फरवरी को पुलिस ने इरफान निवासी ऊंचाकाली थाना कुंदरकी को भी गिरफ्तार कर लिया था। मामले में फरार सुपारी लेने वाले मुख्य आरोपित बिट्टू की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।

पूछताछ में पता चला था कि नन्ही ने अपनी बेटी की शादी गांव में लियाकत के साथ की थी। लियाकत का अपने भाई रियासत और भतीजे इरफान से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इरफान ने बताया था कि नन्ही अपनी बेटी और दामाद की वजह से उनके घर में हर मामले में दखलअंदाजी करती थी। इरफान को यह बात पसंद नहीं थी। इसलिए उसने सुपारी देकर हत्या कराई थी।

एसपी सिटी ने आगे बताया कि आज तड़के मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना मझोला पुलिस ने थाना क्षेत्र में हाइवे पर घेराबंदी कर रखी थी। इसी दौरान तभी महिला चौकीदार नन्ही की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे मुख्य सुपारी किलर आरोपित शिवा उर्फ बिट्टू बाइक पर आता दिखाई दिया तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया जिसके बाद आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल