आगरमालवाः 2 किलो 300 ग्राम गांजा, कार व मोबाइल सहित 9.53 लाख का मशरुका जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
आगरमालवा, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई में मंगलवार को बड़ी सफलता मिली है। इस दौरान इस आरोपी को गिरफ्तार कर 2 किलो 300 ग्राम गांजा, कार व मोबाइल सहित 9.53 लाख का मशरुका जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर आगरमालवा की ओर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा आगरमालवा-कानड़ रोड, कलेक्टर कार्यालय के सामने नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम इरशाद अहमद पुत्र एहतेजाद अहमद, निवासी कसाईवाड़ा, आगरमालवा बताया। विधिवत वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए वाहन एवं आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर रखे एक प्लास्टिक के झोले से कुल 2 किलो 300 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। साथ ही आरोपी के कब्जे से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 9 लाख 53 हजार का मशरूका भी जब्त किया गया। जप्त गांजे की कीमत 1 लाख 38 हजार रूपये आंकी गई है। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत तौल कर सीलबंद किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 0108/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी से अवैध मादक पदार्थ के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

