home page

कमठा ठेकेदार की हत्या का मामला : दूसरी साइट पर काम करने से नाराज होकर किया गया चाकू से हमला

 | 
कमठा ठेकेदार की हत्या का मामला : दूसरी साइट पर काम करने से नाराज होकर किया गया चाकू से हमला


जोधपुर, 22 अपै्रल (हि.स.)। शहर के जगदंबा कॉलोनी प्रतापनगर सदर में क्षेत्र में मंगलवार की रात को एक कमठा ठेकेदार की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। घटनास्थल कार्यस्थल ही रहा। आरोपीगण ठेकेदार से कार्य करवा रहे थे। ठेकेदार किसी अन्य साइट पर काम करने लगा था, जिस बात को लेकर विवाद हुआ और फिर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। देर रात हरकत में आई पुलिस ने हत्या में नामजद दो आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया। शव का आज एमजीएच में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। चाकू के कितने वार शरीर पर लगे इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता लग पाएगा। पुलिस अब हत्या के आरोपियों से चाकू बरामदगी के प्रयास में जुटी है। घटना को लेकर मृतक के भाई की तरफ से देर रात प्रताननगर सदर थाने में हत्या की रिपोर्ट दी गई।

प्रतापनगर सदर थानाधिकारी गोविंद व्यास ने बताया कि जगदंबा कॉलोनी प्रतापनगर सदर निवासी 45 वर्षीय सिकन्दर पुत्र अब्दूल रहमान कमठा ठेकेदार था। उसका काम जगदंबा कॉलोनी के आसपास ही चल रहा था। जितेंद्र सरगरा उर्फ जीतू सरगरा एवं मुन्ना सरगरा द्वारा उससे कार्य करवाया जा रहा था। रात दस बजे साइट पर ही विवाद हुआ और बाद में सिकंदर पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू से गोदे जाने पर सिकंदर लहूलुहान हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, मगर कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

आरंभिक पड़ताल में पता लगा कि कमठा ठेके दार सिकंदर किसी अन्य साइट पर काम करने लगा था। आरोपियों का निर्माण कार्य नगर निगम की परमिशन के बिना रूका हुआ था। जिसके चलते सिकंदर अन्य साइट पर काम ले लिया था। मंगलवार की रात को इस बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में विवाद बढऩे पर चाकूबाजी हो गई।

थानाधिकारी गोविंद व्यास ने बताया कि आज दोपहर में मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। शरीर पर चाकू के कितने घाव लगे है, फिलहाल इस बारे में कहा नहीं जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही खुलासा हो पाएगा। हत्या में मृतक के भाई मुन्ना पुत्र अब्दुल रहमान की तरफ से रिपोर्ट दी गई। हत्या के आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू सरगरा एवं मुन्ना सरगरा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश