home page

महिला कांस्टेबल से रेप मामले में कांस्टेबल सस्पेंड

 | 
महिला कांस्टेबल से रेप मामले में कांस्टेबल सस्पेंड


अजमेर, 7 मई (हि.स.)। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस कांस्टेबल मुकेश सारण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए गए हैं। मामले की जांच डीएसपी अजमेर नॉर्थ शिवम जोशी को सौंपी गई है।

डीएसपी शिवम जोशी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि महिला कांस्टेबल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने उसे नशीला पेय पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद प्रेमजाल में फंसाकर उससे रुपए निवेश करवाए और रकम हड़प ली। महिला कांस्टेबल ने आरोपी की बहन और जीजा पर भी इस पूरे मामले में मिलीभगत का आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गर्भ ठहरने पर आरोपी ने उसका गर्भपात भी कराया।

डीएसपी शिवम जोशी ने बताया कि फिलहाल मामला जांचाधीन है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला कांस्टेबल का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी कांस्टेबल और शिकायतकर्ता महिला कांस्टेबल दोनों विवाहित हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष