home page

सरकारी नौकरी की चाह में सगे भाई से कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दिलवालेेेे वाला गिरफ्तार

 | 
सरकारी नौकरी की चाह में सगे भाई से कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दिलवालेेेे वाला गिरफ्तार


जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। सोडाला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2020 में फर्जी अभ्यर्थी (डमी कैंडिडेट) बिठाकर परीक्षा दिलवाने वाले 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सरकारी नौकरी पाने की लालसा में अपने सगे भाई से अपनी जगह परीक्षा दिलवा रहा था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि वर्ष 2020 में आयोजित राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान 7 नवंबर 2020 को सोडाला स्थित चौधरी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल केंद्र पर फर्जीवाड़ा हुआ था। जीआरपी अजमेर के लिए अभ्यर्थी सोनू यादव निवासी शिवदानसिंहपुरा, नीमराणा, कोटपूतली-बहरोड़ की जगह उसका सगा छोटा भाई मनोज कुमार यादव परीक्षा देने बैठा था। घटना के वक्त मनोज भिवाड़ी में कांस्टेबल पद पर तैनात था और बाद में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत था। मनोज को सोडाला पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस मुख्यालय राजस्थान की शिकायत पर थाना सोडाला में धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेजों से जुड़ी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही आरोपी सोनू यादव लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा, एसीपी सोडाला सत्येंद्र सिंह नेगी और थानाधिकारी मनोज बेरवाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय संसाधनों की मदद से दबिश देकर 33 वर्षीय सोनू यादव को धर दबोचा। इस कार्रवाई में साइबर सेल के रामसिंह, लोकेश कुमार और कांस्टेबल गणेशराम विशेष भूमिका व रविंद्र की मुख्य भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश