home page

एसीबी को देख थाने की जीप लेकर भागा कॉन्स्टेबल

 | 
एसीबी को देख थाने की जीप लेकर भागा कॉन्स्टेबल


झुंझुनू, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई के दौरान चिड़ावा थाने का एक कॉन्स्टेबल थाने की सरकारी गाड़ी लेकर फरार हो गया। उसको पकड़ने के लिए एसीबी टीम का एक कर्मचारी फिल्मी अंदाज में गाड़ी का गेट पकड़कर लटक गया। कॉन्स्टेबल ने सड़क किनारे खड़ी एक कार से सटाकर अपनी गाड़ी निकाली जिससे एसीबी का कर्मचारी टकराकर नीचे गिरगया और गंभीर रूप से घायल हो गया। कॉन्स्टेबल का एसीबी टीम ने कुछ दूर तक पैदल ही दौड़कर पीछा किया लेकिन वह फरार हो गया। जयपुर एसीबी की टीम ने चिड़ावा थाने के बाहर कॉन्स्टेबल को ट्रैप करने के लिए जाल बिछाया था। कार्रवाई की भनक लगते ही वह फरार हो गया। मामला शुक्रवार दोहपर चिड़ावा थाने का है।

जानकारी के अनुसार चिड़ावा थाने के ड्राइवर कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने किसी मामले में रिश्वत मांगी थी। परिवादी ने एसीबी से इसकी शिकायत कर दी। सत्यापन के बाद जयपुर से एसीबी की टीम पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेंद्र पंचौली के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए चिड़ावा पहुंची। कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने परिवादी को पैसे देने के लिए थाने के पास बुलाया। कॉन्स्टेबल दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर थाने के पास पैसे लेने पहुंचा। 1 बजकर 25 मिनट पर जब एसीबी ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसे कार्रवाई की भनक लग गई। एसीबी की टीम को देखते ही अनिल कुमार थाने की जीप लेकर चिड़ावा बाईपास की तरफ भागा।

कॉन्स्टेबल के भागते ही एसीबी टीम का एक कर्मचारी लक्ष्मी नारायण जीप के ड्राइवर साइड की ओर चढ़ गया। थाने से 250 मीटर दूर लक्ष्मी नारायण सड़क पर खड़ी एक कार से टकराकर नीचे गया। लक्ष्मी नारायण के पैर, सीने और चेहरे पर चोट लग गई। वहीं कार के पीछे का कांच भी टूट गया। एसीबी टीम के अन्य कर्मचारी कॉस्टेबल के पीछे दौड़े, लेकिन कॉन्स्टेबल अनिल कुमार फरार हो गया। कॉन्स्टेबल को पकड़ने के लिए थाने से कई पुलिसकर्मी और एसीबी की टीम निकली है। घायल एसीबी टीम के कर्मचारी लक्ष्मी नारायण को एंबुलेंस की मदद से चिड़ावा के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत में झुंझुनू रेफर कर दिया।

चिड़ावा थाना अधिकारी कैलाश चंद्र ने कहा कि जयपुर से एसीबी की टीम आई है। कार्रवाई क्या चल रही है इसकी जानकारी अभी नहीं दे सकते हैं। एसीबी के अधिकारी ही आगे की जानकारी देंगे। वहीं एसीबी की टीम के अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी है। फरार कॉन्स्टेबल की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

एसीबी डीएसपी सुरेंद्र पंचोली ने बताया कि लकड़ियों का अवैध परिवहन करने वाली गाड़ी के ड्राइवर से चिड़ावा थाने का कॉन्स्टेबल अनिल कुमार बार-बार रिश्वत की मांग रहा था। वेरिफिकेश के बाद शुक्रवार को टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। शिकायत करने वाले ने अनिल कुमार को पैसे दे दिए। पैसे लेने के बाद अनिल ने जीप में बैठ गया और 151 के आरोपियों के मेडिकल और पेशी पर ले जाने के लिए जीप को घुमाकर थाने की साइड लगाया। जैसे ही एसीबी की टीम आगे बढ़ी तो अनिल कुमार गाड़ी को रिवर्स ले गया। इसके बाद चिड़ावा बाईपास की ओर दौड़ाना शुरू कर दिया। इस दौरान कॉन्स्टेबल लक्ष्मीनारायण गेट से लटक गए। टीम ने गाड़ी को बरामद कर लिया है। अनिल कुमार की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश