home page

स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, सिपाही हिरासत में; जांच शुरू

 | 
स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, सिपाही हिरासत में; जांच शुरू


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। कल्याणपुर थाने में तैनात एक सिपाही पर कक्षा सात की छात्रा से छेड़छाड़ और पीछा करने का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपित सिपाही को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत उसे लाइन हाजिर भी कर दिया गया है।

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि सिपाही पिछले करीब 14 दिनों से छात्रा का स्कूल आते-जाते समय पीछा कर रहा था। दो दिन पहले उसने छात्रा की छोटी बहन को रोककर बड़ी बहन के बारे में भी पूछताछ की थी। शनिवार दोपहर छात्रा जब घर के पास एक दुकान पर सामान लेने गई तो आरोप है कि सिपाही ने उसका हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद छात्रा रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी।

परिजन शिकायत करने के लिए उस मकान पर पहुंचे, जहां सिपाही किराये पर रहता है। आरोप है कि उन्हें देखकर सिपाही ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर डायल-112 और कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा सिपाही को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पुलिस के अनुसार आरोपित सिपाही वर्ष 2025 बैच का है और करीब तीन महीने पहले उसकी तैनाती कल्याणपुर थाने में हुई थी। वह पिछले दो महीने से आवास विकास-3 क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त दरोगा के मकान में किराये पर रह रहा था।

सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। यदि जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो नियमानुसार विधिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सिपाही को अग्रिम आदेश तक लाइन हाजिर कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप