एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते सिपाही को रंगे हाथ दबोचा, एसपी ने किया निलंबित
अमेठी, 30 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन की अयोध्या टीम ने जायस कोतवाली में तैनात एक सिपाही को 09 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने आरोपित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जायस कोतवाली में तैनात सिपाही चंदन कनौजिया ने एक प्रार्थना पत्र के निस्तारण तथा दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दी, जिसके बाद मामले का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शनिवार को शिकायतकर्ता द्वारा तय रकम दिए जाने के दौरान टीम ने सिपाही चंदन कनौजिया को 09 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित सिपाही को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। एंटी करप्शन टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शनिवार को बताया कि मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आरोपित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गये हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

