home page

युवा अधिवक्ता ने 15वीं मंजिल से कूदकर दी जान

 | 
युवा अधिवक्ता ने 15वीं मंजिल से कूदकर दी जान


नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। नई दिल्ली जिले के कनॉट प्लेस क्षेत्र में स्थित होटल द रॉयल प्लाजा में एक युवा अधिवक्ता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा के अनुसार, 19 अप्रैल की रात लगभग 9:15 बजे दिल्ली पुलिस को सूचना मिली कि होटल में एक युवक ने ऊंचाई से छलांग लगा ली है। सूचना मिलते ही थाना कनॉट प्लेस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में उसे तुरंत लेडी हार्डिंग चिकित्सा महाविद्यालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान राजेश सिंह (26) के रूप में हुई, जो दिल्ली के ही महावीर एन्क्लेव का निवासी था और दिल्ली उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत था। बताया गया है कि वह 18 अप्रैल की शाम से होटल में ठहरा था।

पुलिस के अनुसार अपराध जांच दल और विधि विज्ञान दल ने मौके का निरीक्षण किया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा होटल परिसर में लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की साजिश या संदिग्ध परिस्थिति से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को परीक्षण के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी