home page

कांग्रेस नेता के घर चोरी करने वाला निकला कुक

 | 
कांग्रेस नेता के घर चोरी करने वाला निकला कुक


जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। शहर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की सेंट्रल स्कूल स्कीम में कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा के बेटे हर्षवर्धन सिंह के घर चोरी करने के मामले में पुलिस ने उनके कुक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित कुक को छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश से दबिश देकर गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुट गई है।

आरोपित कुक पनारा छिंदवाड़ा निवासी मोहब्बत अमरवंशी हर्षवर्धन के मकान में पिछले दो-तीन वर्षों से खाना बनाने का काम करता था। लालच की वजह से उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हर्षवर्धन पहले भी कई नेताओं के घर काम कर चुका था। पुलिस के अनुसार, घरों में काम करने के दौरान उसे वहां की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी मिलती थी। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का माल भी बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, हर्षवर्धन पिछले कई वर्षों से अलग-अलग राजनेताओं के घर पर खाना बनाने का काम कर चुका है। अपने परिवार से भी पिछले कई वर्षों से अलग ही रहता है। हर्षवर्धन ने पुलिस को बताया कि उसके मन में लालच आ गया था इसलिए उसने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया।

एफआईआर के अनुसार घटना 7 नवंबर की रात की है। हर्षवर्धन सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जब उन्होंने अपनी अलमारी खोली, तो उसमें रखे कीमती आभूषण और कुछ नकदी गायब मिले। उन्होंने कमरे और अलमारी के आसपास तलाश की, लेकिन सामान नहीं मिला।

इसके बाद घर के सदस्यों से बातचीत की तो घर में काम करने वाले कर्मचारियों की गतिविधियों को लेकर संदेह सामने आया। हर्षवर्धन सिंह ने रिपोर्ट में घर में काम करने वाले कर्मचारी मोहब्बत अमरवंशी पर संदेह जताया था। रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारी पिछले दो दिनों से अपने दादा के निधन की बात कहकर गांव गया हुआ था।

सात नवंबर को वह वापस आया, लेकिन घर के सदस्यों को इसकी जानकारी नहीं दी। आरोप है कि वह घर में करीब दो से तीन घंटे तक रुका और फिर बिना किसी को बताए वहां से चला गया। इसके बाद से कर्मचारी का पता नहीं चला।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश