home page

त्रिकोणीय प्रेम संबंध में विवाद, महिला ने प्रेमिका पर ब्लेड से किया हमला

 | 
त्रिकोणीय प्रेम संबंध में विवाद, महिला ने प्रेमिका पर ब्लेड से किया हमला


सिलीगुड़ी, 08 सितंबर (हि. स.)। खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के गोंडोगोल जोत इलाके में कथित त्रिकोणीय प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद एक महिला ने अपने पति की प्रेमिका पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में महिला के गले पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित पत्नी को हिरासत में लिया है। आरोपित महिला का नाम अंजली बर्मन बताया गया है जबकि घायल महिला की पहचान भीमा बर्मन के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिछले करीब छह महीने से आरोपित महिला अपने पति और दूसरी महिला के बीच मोबाइल चैट को लेकर नाराज थी। आरोप है कि मंगलवार दोपहर वह गोंडोगोल जोत स्थित महिला की दुकान पर पहुंची और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के दौरान आरोपित महिला ने कथित तौर पर अचानक ब्लेड से दूसरी महिला के गले पर हमला कर दिया। घायल महिला मौके पर ही गिर पड़ी। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए नक्सलबाड़ी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अंजली बर्मन को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला त्रिकोणीय प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार