वंदे मातरम् को लेकर सोनिया-राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत, जांच और एफआईआर की मांग
नई दिल्ली, 16 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के कथित आचरण पर शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता ने दोनों के खिलाफ मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कानून लागू होने की स्थिति में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में ‘वंदे मातरम’ का गायन हो रहा था। आरोप है कि गायन के दौरान सोनिया गांधी वहां मौजूद थीं और गीत के शुरुआती हिस्से के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों की ओर कुछ इशारे किए तथा बातचीत की। शिकायतकर्ता का दावा है कि सार्वजनिक रूप से सामने आए वीडियो फुटेज और मीडिया रिपोर्टों में उनके व्यवहार को ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन पर आपत्ति जताने के तौर पर बताया गया है।
शिकायत में एक अन्य वीडियो फुटेज का भी हवाला दिया गया है। इसमें राहुल गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए देखा गया है कि, “हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।” शिकायतकर्ता ने इसे राष्ट्रगीत के गायन के दौरान दोनों नेताओं के कथित आचरण से जोड़ते हुए मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

