home page

बेखौफ दबंग भू-माफिया जमीनों पर कर रहे कब्जा, पीड़ितों ने खटखाटाया डीएम का दरवाजा

 | 
बेखौफ दबंग भू-माफिया जमीनों पर कर रहे कब्जा, पीड़ितों ने खटखाटाया डीएम का दरवाजा


उरई , 29 सितंबर (हि.स.)। उरई कोतवाली क्षेत्र में जमीन और प्लॉट के लेन-देन से जुड़े अलग-अलग विवादों में दो लोगों ने मंगलवार काे जिलाधिकारी जालौन समीर को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। दोनों शिकायती पत्रों में अजित महेश्वरी समेत अन्य लोगों पर रुपये और संपत्ति के विवाद को लेकर धमकी, मारपीट तथा दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, इकलासपुरा निवासी अभिषेक यादव ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पिता राजेन्द्र सिंह यादव के नाम गाटा संख्या 93ग की पैतृक जमीन है। आरोप है कि 1100 वर्गफुट के प्लॉट का सौदा 13.20 लाख रुपये में तय हुआ था। इसके एवज में 28 अक्टूबर और 22 नवंबर 2023 को 50-50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए, लेकिन शेष रकम नहीं दी गई और रजिस्ट्री भी नहीं कराई गई। अभिषेक का आरोप है कि उससे प्लॉट मुफ्त में देने अथवा 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया। अभिषेक ने आरोप लगाया कि फोन पर अजित महेश्वरी ने भी उसे पकड़कर रजिस्ट्री कराने अथवा हत्या कर देने की बात कही। उसने डीएम से कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, अमगुवां निवासी दीपक सिंह ने भी अजित महेश्वरी और अनुभव चतुर्वेदी पर संपत्ति संबंधी विवाद में धोखाधड़ी, मारपीट और धमकी के आरोप लगाए हैं। दीपक के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को उसे कार्यालय बुलाकर कथित रूप से मारपीट की गई और करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर 10 लाख रुपये देने या 20 लाख रुपये की जमीन दिलाने का दबाव बनाया गया। उसने चेक के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है। दोनों शिकायतों पत्रों में जिलाधिकारी से जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं पूरे प्रकरण ने डीएम समीर ने राजस्व टीम क़ो जांच कर रिपोर्ट सौपने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा