योगा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान बवाल, सहयात्रियों की पिटाई से बागपत के युवक की मौत
नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद ने एक यात्री की जान ले ली। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस में सवार होने की कोशिश कर रहे एक युवक के साथ सहयात्रियों ने कथित तौर पर जमकर मारपीट की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान उप्र के बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पंकज धामा योगा एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर अन्य यात्रियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने पंकज धामा पर मुक्कों और लातों से हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल पंकज को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल और रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। रेलवे पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ और घटना में कितने लोग शामिल थे। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

