जबलपुर कलेक्ट्रेट में अंतरधार्मिक विवाह को लेकर हंगामा, हिंदू धर्म सेना का प्रदर्शन
जबलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिला कलेक्ट्रेट स्थित विवाह कार्यालय में बुधवार को हिंदू युवती और ईसाई युवक के विवाह की प्रक्रिया के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। अंतरधार्मिक विवाह की जानकारी मिलते ही हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और शादी का विरोध करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई।
हालांकि, बाद में कार्यकर्ताओं के थाने पहुंचने पर युवक वहां नहीं मिला। इसको लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट स्थित विवाह कार्यालय में विवाह की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई।
इसके बाद जब संगठन के कार्यकर्ता ओमती थाने पहुंचे, तो उन्हें युवक वहां नहीं मिला। इस पर कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस युवक को थाने ले जाने के बजाय रास्ते में ही छोड़कर आ गई। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
युवक के थाने में नहीं मिलने को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। संगठन के लोगों ने मामले में पक्षपात किए जाने का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की।
घटना के चलते कलेक्ट्रेट परिसर से लेकर थाने तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

