2.95 करोड़ की कोडीन सिरप बरामद, तस्कर गिरफ्तार
कानपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अवैध कोडीन युक्त सिरप की तस्करी का खुलासा करते हुए शुक्रवार को एक शातिर को गिरफ्तार किया है। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के ढकनापुरवा स्थित एक मकान के गोदाम से 25 हजार बोतल सिरप बरामद की गई है। जिसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ 95 लाख रुपये बताई गई है।
एएनटीएफ कानपुर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक अयनुद्दीन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मिहिर कुमार ठाकुर मूलरूप से बिहार के मधुबनी जिले के मगरपट्टी गांव का निवासी है और वर्तमान में बर्रा क्षेत्र स्थित बिहारी पुरवा में रह रहा था। आठ अक्टूबर को टीपी नगर के ढकनापुरवा स्थित मकान के गोदाम में कार्रवाई कर उसके कब्जे से 2500 लीटर टर्बो-टी नाम की कोडीन युक्त सिरप बरामद की गई। मौके से एक एंड्रायड मोबाइल फोन और 1400 रुपये नकद भी मिले हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि नई दिल्ली के मंगोलपुरी स्थित नोवोट्रिक्स लाइफसाइंसेज नाम की फर्म के माध्यम से सिरप मंगाई जाती थी। कथित तौर पर फर्जी कागजात और बिल्टी तैयार कर ट्रांसपोर्ट के जरिए माल कानपुर पहुंचाया जाता था। इसके बाद प्रयागराज और वाराणसी समेत अन्य जिलों में इसकी आपूर्ति की जाती थी।
आरोपित के मुताबिक, सिरप की खेप वाराणसी के सारनाथ स्थित हनुमान ट्रेडर्स भेजने के लिए मंगाई गई थी। इससे पहले कुछ माल प्रयागराज में पकड़ा गया था। इसके बाद बची हुई खेप को कानपुर में राजधानी इंटरस्टेट ट्रांसपोर्ट से उठवाकर गोदाम में रखवा दिया गया। उसकी योजना मौका पाकर सिरप को बेचने या दूसरी जगह भेजने की थी, लेकिन एएनटीएफ मि सतर्कता की वजह से उसकी यह प्लानिंग फेल हो गयी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरे मामले में बाबूपुरवा थाने में आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया है। एएनटीएफ अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। सिरप की आपूर्ति करने वाले और मंगवाने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

