रायपुर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली सिरप का कारोबार, संचालक समेत दो गिरफ्तार
रायपुर, 27 अक्टूबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 32 शीशी कोडिन सिरप जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 12,800 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, सिरप बिना डॉक्टर की पर्ची के बेची जा रही थी।
मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 26 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि, तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी स्थित ब्रह्मदेव नगर के विनायक मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली सिरप का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस ने मेडिकल स्टोर में ग्राहक भेजकर टेस्ट पर्चेस कराया। इस दौरान बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली सिरप बेचे जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने छापा मारकर दुकान संचालक धीरज कुमार दुबे (48) और जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह (29वर्ष ) को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान 32 शीशी प्रतिबंधित कोडिन सिरप बरामद हुई। आरोपितों से सिरप के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 480/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित जीत सिंह सूर्यवंशी पूर्व में भी प्रतिबंधित नशीली सिरप से जुड़े नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपितों से सिरप के स्रोत, खरीद-बिक्री और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

