home page

कोडीन सिरप तस्करी गिरोह का एक और आरोपित गिरफ्तार

 | 
कोडीन सिरप तस्करी गिरोह का एक और आरोपित गिरफ्तार


बांदा, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के रैपर बदलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए कोडीन युक्त सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई में बिसंडा पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने गिरोह के एक वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित गिरोह के मुख्य आरोपित प्रियांशु उर्फ किशन का बहनाेई है।

बांदा-चित्रकूट मार्ग पर बदौसा स्टेशन रोड तिराहे के पास से हमीरपुर जिले के भरूआ सुमेरपुर निवासी रविन्द्र को गिरफ्तार किया है। रविन्द्र हमीरपुर में मेडिकल एजेंसी चलाता था। एजेंसी के माध्यम से कोडीन युक्त सिरप मंगवाने के बाद उनके रैपर बदले जाते थे और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए जाते थे। इसके बाद दवाओं को मेडिकल स्टोरों में बेचने के बजाय अतर्रा, बांदा, चित्रकूट और मध्य प्रदेश से सटे जिलों में नशे के कारोबार के लिए ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाता था।

इस गिरोह का खुलासा 3 सितंबर को यूपी एसटीएफ और बिसंडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ था। टीम ने करीब 60 लाख 45 हजार रुपये कीमत की 250 पेटियों में रखी 30 हजार कोडीन सिरप की शीशियां बरामद करते हुए चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया था। तस्करी में इस्तेमाल दो वाहनों को भी सीज किया गया था। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित प्रियांशु उर्फ किशन को पुलिस ने 7 सितंबर को आगरा से गिरफ्तार किया था।

पुलिस की अब तक की कार्रवाई में प्रियांशु उर्फ किशन, धीरेंद्र, प्रवीण उर्फ लकी, रोहित और शेखर समेत कई आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। क्षेत्राधिकारी बबेरु कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि कोडीन सिरप के रैपर बदलकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए तस्करी करने वाले गिरोह के एक अन्य वांछित आरोपी को बिसंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह