बांदा : बंद रेलवे फाटक खुलवाने की जिद और प्लेटफार्म पर मनमानी, तीन लाेगाें पर रेलवे एक्ट में मुकदमा
-डिंगवाही में गेटमैन से की जबरदस्ती, अकौना में रेलकर्मी
बांदा, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रेलवे नियमों की अनदेखी कर अपनी जान जोखिम में डालने और रेलकर्मियों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने सख्त रुख अपनाया है। डिंगवाही और अकौना रेलवे स्टेशनों पर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में बंद रेलवे फाटक खुलवाने के लिए जबरदस्ती करने और प्लेटफार्म बदलने के लिए रेल लाइन पार करने के मामलों में तीन लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरपीएफ की ओर से सोमवार को यह जानकारी दी गयी
पहली घटना डिंगवाही रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 463 पर हुई। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया। आरोप है कि उसने बंद फाटक को जबरन खुलवाने का प्रयास किया। गेटमैन के मना करने के बावजूद वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। मामले में छावनी निवासी शरफराज अहमद (31) पुत्र इशाक अहमद के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट बांदा में मुकदमा अपराध संख्या 469/2026 धारा 159 और 147 रेलवे एक्ट के तहत दर्ज किया गया।
वहीं दूसरी घटना रेलवे स्टेशन अकौना में सामने आई। यहां दो युवक मोटरसाइकिल लेकर प्लेटफार्म नंबर दो से प्लेटफार्म नंबर एक की ओर जाने के लिए रेल लाइन पार करने लगे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी विमला देवी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों युवक नहीं माने और उनके साथ अभद्रता करने लगे। इस मामले में महोबा जिले के खन्ना थाना क्षेत्र के अकबई गांव निवासी आशीष कुमार (24) पुत्र लाला भैया और भीम प्रकाश उर्फ दिनेश (24) पुत्र जगदेव के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट बांदा में मुकदमा अपराध संख्या 461/2026 धारा 159, 147 और 145 रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
रेलवे सुरक्षा बल बांदा की प्रभारी निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि रेलवे सुरक्षा बल ने इन घटनाओं के बाद लोगों को जागरूक करते हुए अपील की कि बंद रेलवे फाटक को जबरन खुलवाने, उसके नीचे से निकलने अथवा रेल लाइन पार कर प्लेटफार्म बदलने की कोशिश न करें। ऐसे कृत्य न केवल जानलेवा साबित हो सकते हैं, बल्कि रेलवे नियमों के तहत दंडनीय अपराध भी हैं। आरपीएफ ने यात्रियों और ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने परिवार, गांव और रिश्तेदारों को भी रेलवे सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

