बंद घर को निशाना बना चोरों ने पांच लाख से अधिक के जेवरात व सामान उड़ाए
सुपौल, 13 सितंबर (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर पांच लाख रुपये से अधिक के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार सुबह घर की देखरेख करने पहुंचे रिश्तेदार ने चोरी की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 18 निवासी मो. आलम कुछ दिन पहले निजी कार्य से पूरे परिवार के साथ दिल्ली गए थे।
घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद घर के अलग-अलग कमरों को खंगालकर सोने के जेवरात, नकदी, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह मो. आलम के फुफेरे भाई मो. निजाम घर की देखरेख के लिए पहुंचे। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। अंदर प्रवेश करने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर कई सामान गायब मिले। उन्होंने तत्काल मो. आलम और पुलिस को घटना की सूचना दी। परिजनों के अनुसार चोरी गए सामान में सोने के जेवरात, नकदी समेत अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। चोरी गए सामान की प्रारंभिक कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि परिवार के दिल्ली से वापस लौटने के बाद ही चोरी गई संपत्ति का वास्तविक आकलन हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। साथ ही जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। सुपौल सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

