यमुनानगर: क्लीनिक में सेंधमारी का खुलासा, आरोपी काबू कर सामान बरामद
यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर थाना शहर पुलिस ने क्लीनिक में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने मंगलवार काे बताया कि सरोजिनी कॉलोनी निवासी एक चिकित्सक ने शिकायत दी थी कि 6 मार्च को वह अपने कार्य से बाहर गए हुए थे। लौटने पर उनके क्लीनिक के चेंबर का दरवाजा टूटा मिला और अंदर रखी नकदी गायब थी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की बात सामने आने पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया।घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक की पहचान की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई राशि व अन्य सामान बरामद कर लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

