जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय की लिपिक 20 हजार की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
सफाई कर्मी से काम के एवज में मांगी थी रिश्वत, लखनऊ से आई एंटी करप्शन टीम ने की बड़ी कार्रवाई
लखीमपुर खीरी, 21 जुलाई (हि.स.)।विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लखनऊ से आई एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) की टीम ने एक महिला लिपिक को ₹20,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला बाबू की पहचान रेखा मिश्रा के रूप में हुई है, जो कार्यालय में तैनात हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,डीपीआरओ कार्यालय में कार्यरत लिपिक रेखा मिश्रा ने एक सफाई कर्मचारी से उसके किसी विभागीय काम को निपटाने के एवज में 20,000 रुपए की अवैध राशि की मांग की थी। पीड़ित सफाई कर्मी ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी। शिकायत की गोपनीय जांच के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके बाद मंगलवार सुबह टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
जैसे ही सफाई कर्मचारी ने विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में बाबू रेखा मिश्रा को रिश्वत के ₹20,000 सौंपे, तभी पहले से मुस्तैद एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे विकास भवन में अफरा-तफरी मच गई और अन्य कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। टीम गिरफ्तार महिला बाबू को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही और आगे की पूछताछ के लिए थाने ले गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

