सक्ती के एकलव्य छात्रावास में 9वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
सक्ती, 06 अगस्त (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास, पलाड़ी खुर्द में गुरुवार सुबह एक 9वीं कक्षा के छात्र का शव बाथरूम में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास प्रबंधन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। छात्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान उमेश कंवर के रूप में हुई है। वह ग्राम बासिन का निवासी था और एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास में रहकर कक्षा 9वीं की पढ़ाई कर रहा था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह जब छात्रावास के अन्य छात्र बाथरूम पहुंचे तो उन्होंने उमेश को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल छात्रावास प्रबंधन को सूचना दी गई। आनन-फानन में छात्र को नीचे उतारकर सक्ती जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस छात्रावास प्रबंधन, कर्मचारियों और अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया या फिर घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। परिजनों का आरोप है कि छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले छात्र और परिजन अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय भी पहुंचे थे। ऐसे में परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

