हमीरपुर में कक्षा सातवीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, चचेरा भाई गिरफ्तार
हमीरपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे के एक मोहाल में नाबालिग लड़की से गैंगरेप करने का मामला आज सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर चचेरे भाई समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
कस्बा सुमेरपुर निवासी पिता ने आज बताया कि पिछले दिनों बेटी राशन सामग्री लेने कोटेदार के यहां गई थी। शाम राशन सामग्री लेकर वह घर लौट रही थी तभी बीच रास्ते उसके चचेरे भाई फिरोज ने अपने साथी अरविन्द के साथ बेटी को अगवा कर ले गया। उसे सुनसान जगह पर ले जाकर दरिंदों ने पूरी रात दरिंदगी की। घटना को अंजाम देकर दोनों मौके से फरार हो गए। अगले दिन बदहवाश हालत में लड़की अपने घर गई और घटना बताते हुए रो पड़ी। आज परिजन अपनी बेटी को लेकर सुमेरपुर थाने पहुंचे और घटना की तहरीर दी। पुलिस ने आननफानन फिरोज और अरविन्द के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने दरिंदे फिरोज को छापेमारी कर गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि मौके से फरार दूसरे आरोपित की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। पीड़िता ने बताया कि बीच रास्ते उसे चचेरा भाई फिरोज बाइक में जबरदस्ती बैठाकर अगवा कर ले गया था। उसके साथ अरविन्द भी शामिल था। बताया कि पूरी रात उसके साथ दरिंदगी की गई है। सुमेरपुर थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने शुक्रवार को शाम बताया कि मामला दर्ज कर फिरोज को गिरफ्तार किया जा चुका है वहीं आरोपित अरविन्द की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

