जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, एक ही परिवार के चार लोग घायल
भागलपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कौशलपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में घायल लोगों को मंगलवार को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि इस घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हैं। घायलों की पहचान मिथिलेश यादव, अंगद कुमार, उनकी मां और बड़े भाई के रूप में की गई है। घटना आज सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। परिजन के अनुसार, करीब 10 साल पहले परिवार के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था। इसके बावजूद आरोप है कि बड़े बाबू का बेटा जबरन जमीन की बाउंड्री तोड़ने पहुंच गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि इस दौरान खंती और फावड़े जैसे धारदार औजारों से हमला किया गया, जिससे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन ने सभी घायलों को तत्काल अमरपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल मायागंज अस्पताल में उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

