(अपडेट) उज्जैन में पुरानी रंजिश को लेकर भिड़े दो गुट, संघर्ष में दो सगे भाइयों की मौत, पांच आरोपित गिरफ्तार
उज्जैन, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नीलगंगा थाना क्षेत्र में बीते शनिवार रात भड़की पुरानी रंजिश में दो सगे भाइयों की मौत हो गई है। पुलिस ने एक शॉर्ट एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी निशानदेही पर चार अन्य सह-आरोपितों को भी पकड़ लिया गया है। हालांकि अभी भी तीन आरोपित फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, नीलगंगा थाना अंतर्गत दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने पासी और गोरकर परिवार के बीच बीते होली के त्योहार पर विवाद हुआ था। जिसे लेकर शनिवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद गहरा गया। इस दौरान लाठी, डंडे, तलवार और पत्थरों से हिंसक झड़प हुई, जिसमें पासी परिवार की ओर से ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग की गई थी। इस गोलीबारी में लोकेश गोरकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके बड़े भाई जय गोरकर और चचेरे भाई तपन को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान बड़े भाई जय ने भी दम तोड़ दिया।
गोरकर परिवार के परिजनों ने बताया कि बड़े भाई जय की शादी महज दो साल पहले ही हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था, वहीं छोटे भाई लोकेश की शादी के लिए बातचीत का दौर चल रहा था। दोनों भाइयों के पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है और इस खूनी वारदात के बाद अब पूरे परिवार में केवल उनकी मां ही अकेली बच गई हैं। दो युवा बेटों की मौत से मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि पुलिस की एक विशेष टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपित नरेश पासी को एक शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपित की निशानदेही के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के चार अन्य सह-आरोपितों लोकेश, राकेश, बंटी और मंजू बाई को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना में नामजद तीन अन्य आरोपित सन्नी, रोशन और दुर्गेश फिलहाल फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

